समाधान शिविरों का आगाज, बालूद, छिंदनार, मैलावाड़ा, टेटम में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
दंतेवाड़ा, 05 मई 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार राज्य में जनता की समस्याओं को समयबद्ध निराकरण करने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों में गति लाने तथा जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी अभियान ’’सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविरों का जिले में विधिवत आगाज हो गया। दंतेवाड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बालूद, मैलावाड़ा, गीदम अंतर्गत छिंदनार, और कटेकल्याण ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत टेटम में समाधान शिविरों की शुरुआत हुई। इन समाधान शिविरों में पूर्व में आवेदकों से प्राप्त उनके आवेदनों की स्थिति, उसके समाधान की जानकारी के साथ-साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। साथ ही विभागों द्वारा अपने विभागीय योजनाओं के तहत उन्हें लाभान्वित भी किया जा रहा है।
