उपाध्यक्ष ने देखी गार्डन और चौपाटी की दशा, दिए आवश्यक निर्देश
महासमुंद। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने गुरु गोविन्द सिंह गार्डन और चौपाटी का औचक निरीक्षण किया। गुरु गोविंद सिंग गार्डन में झूला ओपन जिम के अधिकांश सामान टूटे पाए गए। बैठक की बैंच भी टूट गई है। गार्डन के पीछे हिस्से में लाईट नहीं है। पानी के लिए दो नल हैं वे भी टूट गए हैं। गार्डन में चार लोग साफ-सफाई के लिए दिन में जाते हैं, लेकिन गंदगी पसरी है। गार्डन के कोने में बोर है, पौधो में पानी देने के लिए पाइप लाइन की भी जरूरत है। प्रवेश द्वार की एलईडी लाईट भी बंद है। गार्डन के अंदर स्वीमिंग का पानी वर्षों से नहीं बदला गया, पानी काला व गंदा हो चुका है। आठ फीट नीचे छह इंच की मोटी काई जम गई जिसकी सफाई आवश्यक है।
इसी तरह चौपाटी के बोर का स्टार्टर खराब है, दुकानें धूल खा रही है। बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सीएमओ को पत्र लिखकर निर्देश दिया गया कि गुरु गोविंद सिंग गार्डन एवं चौपाटी की व्यवस्था में तत्काल सुधार कराएं, झूला, बैच, जिम के सामानों की मरम्मत कराएं, नल टूटे पड़े हैं उसे तुरंत सुधारा जाए। छोटे-छोटे कामों की ओर ध्यान देने की जरूरत है । चौपाटी की दुकानों की नीलामी करने से नगर पालिका की आय बढ़ेगी तथा दुकानें व्यवस्थित लग पाएंगी। चौपाटी के बोर का स्टार्टर को सुधारने से बोर चालू हो जाएगा। श्री राठी ने कहा कि सैकड़ों लोग प्रतिदिन गार्डन व चौपाटी आते हैं। इसलिए तत्काल सुधार कराई जाए। गार्डनों की मॉनीटरिंग करने के लिए प्रभारी को प्रतिदिन देखने के लिए आना चाहिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी समय-समय पर निगरानी करनी चाहिए। निरीक्षण के वक्त भाजपा नेता शरद राव, रोशन बग्गा, गौरव राठी, गुलशन राठी, सार्थक साहू, उपस्थित रहे।
