गारंटी देकर मुकरना भाजपा सरकार की आदत : कृष्णा

महासमुंद। पूर्व कार्यकारी नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने कहा कि सिलेंडर के दाम बढ़ाना मोदी की गारंटी को ठेंगा दिखाने जैसा कार्य है। आज प्रदेश का नागरिक मोदी की गारंटी को थामे हुए उसके पूरा होने का इंतजार कर रहा है ऐसे में भाजपा सरकार ने जो वायदा मोदी की गारंटी में किया था उसे पूरा करने के बजाए उल्टे दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर गारंटी की पोल खोल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य का हर वर्ग मोदी की गारंटी भाजपा के संकल्प पत्र लिए सरकार को आशा भरी नजरों से टकटकी लगाए देख रहा है। प्रदेश की महिलाएं सिलेंडर के दाम कम होने का इंतजार कर रही हैं ऐसे में प्रदेश सरकार वादे के विपरीत दामों में इजाफा कर रही है। जिसके चलते मोदी की गारंटी महज जुमला बनती जा रही है।श्री चंद्राकर ने कहा कि जिस प्रकार से सत्ता में आने से पूर्व बीजेपी ने लोक लुभावनी अनेकों वायदे जनता से किए थे आज उन वायदों की पोल खुल गई। श्री चंद्राकर ने कहा कि गारंटी देकर मुकरना भाजपा सरकार की आदत में शुमार है। झूठ की बुनियाद ज्यादा दिनों तक नहीं चलती प्रदेश की जनता आज बीजेपी की कथनी और करनी को समझ गई है समय आने पर प्रदेश की जनता इस वादाखिलाफी का माकूल जवाब जरूर देगी।