मैगनीज अयस्क में मिलावट और चोरी, चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज

महासमुंद। विशाखापटनम पोर्ट से रायपुर लाए जाने वाले मैगनीज अयस्क में मिलावट व चोरी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दो ट्रक चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
रायपुर के आनंदम वर्ल्ड सिटी कचना निवासी विवेक अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह जय जगदीश ट्रांसपोर्ट रायपुर में भागीदार है और रायपुर स्थित हीरा ग्रुप के लिए अधिकृत ट्रांसपोर्टर विशाखापटनम पोर्ट से उनके प्लांट तक आयातित ग्रेड मैगनीज अयस्क का परिवहन करते हैं। 12 फरवरी को विशाखापटनम पोर्ट से ट्रक सीजी 06 जीवाय 8184 एवं सीजी 06 जीजेड 6488 से सामान लोड कर हीरा फैरो एलयाज एवं हीरा पाॅवर लि.मि. रायपुर में लाया गया था, प्लांट से क्वालिटी टेस्ट रिपोर्ट चेक करने पर माल ट्रक में लोड करने से पहले किए गए क्वालिटी टेस्ट रिपोर्ट में अंतर पाया गया। जांच से पता चला कि उक्त ट्रक के ड्राइवरों द्वारा सामग्री की चोरी और मिलावट किया गया है। साथ ही जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और कुछ वाहनों में स्थापित कैमरों के माध्यम से पता चला कि ड्राइवर ने कुछ खास समय के लिए कैमरा को ढंक दिया। साथ ही, जीपीएस विश्लेषण से पता चला कि वाहन का कई बार एक राइस मिल और एक पत्थर क्रशर व सड़क निर्माण प्लांट के बीच काफी आवागमन रहा। पुलिस ने मामले में शिकायत पर दोनों ड्राइवरों के खिलाफ धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।

इन्हें भी पढ़े