भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

महासमुंद। गायत्री शक्तिपीठ, महासमुंद में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का ब्लाॅक स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शांतिकुंज प्रतिनिधि मुकेश अदलखा , ललित मेश्राम, शशिप्रभा थिटे, नरेंद्र नायक व हीरालाल साहू मंचासीन रहे। यह परीक्षा कक्षा 5 से महाविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थियों के लिए 9 वर्गों में आयोजित की जाती है। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, जीवन आदर्शों, आध्यात्मिक चेतना एवं राष्ट्रप्रेम का विकास करना है। मुख्य अतिथियों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में संस्कृति के महत्व और इस प्रकार की परीक्षाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजन समिति के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जिला संयोजक आशीष साहू, भारत साहू ने सभी प्रतिभागी छात्र- छात्राओं को बधाई दी । प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रवीण्य प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष जिले से 11 हजार विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया जिसमें महासमुंद ब्लॉक से 3752 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त परीक्षा के सफल संचालन में विशेष सहयोग प्रदान करने वाले संस्था प्रमुखों व शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र किया गया। अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को सत्संकल्प पाठ के साथ नशा मुक्ति हेतु संकल्प कराया गया। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा, अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा प्रति वर्ष आयोजित की जाती है। यह परीक्षा देशभर में 11 से अधिक भाषाओं में 22 राज्यों में संपन्न होती है तथा इसमें प्रतिवर्ष लगभग 40 लाख छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं।