विभागीय दायित्वों का पूरी गंभीरता से करें निर्वाहन : कलेक्टर

सीहोर। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित कर अनेक विभागों की विभागीय प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व महा अभियान एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा, जल जीवन मिशन की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण कार्यों विकास की प्रगति, मनरेगा योजना की समीक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण, सीएम राईज विद्यालय की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन के पश्चात अपने विभागीय दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वाहन करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने पीएचई विभाग की समीक्षा के दौरान पेयजल वितरण की जानकारी लेते हुए कहा कि नागरिकों को पेयजल के लिए परेशानी ना हो, यह सुनिश्चित करें। कहीं से भी पेयजल संबंधी शिकायत या सूचना प्राप्त होने पर तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने उपार्जन कार्य की समीक्षा के दौरान अभी तक उपार्जित की गई उपज की मात्रा, उपज के सुरक्षित भण्डारण आदि की जानकारी लेते हुए शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार उपज की खरीदी एवं भंडारण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने स्वास्थ्य विभाग समीक्षा के दौरान सीएमएचओ को निर्देश दिए की सभी स्वास्थ्य कार्यक्रम निर्धारित समय पर किए जाएं एवं जिले में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अशीष तिवारी, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।