नवरात्रि इस बार 8 दिन की, देवी मंदिरों में सभी तैयारियां पूर्ण
महासमुंद। चैत्र नवरात्रि पर्व शुरू होने जा रहा है। महामाया शक्तिपीठ सहित अन्य देवी मंदिरों में सभी तैयारी पूरी हो चुकी है। इस बार नवरात्रि 8 दिन की पड़ रही है।
बता दें कि शारदीय व चैत्र नवरात्रि में श्रद्धालु बड़ी संख्या में देवी मंदिरों में मनोकामना दीप प्रज्जवलित कराते हैं। अधिकांश लोग मनोकामना के लिए ज्योति कलश प्रज्जवलित कराते हैं। वहीं कई भक्त मनोकामना पूर्ण होने के बाद भी कलश प्रज्वलित कराते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि में मां शक्ति के 9 स्वरूपों की उपासना करने से साधक को सुख, समृद्धि की प्राप्ति होती है। नवरात्रि में पूरे अंचल का माहौल भक्तिपूर्ण रहेगा। खासकर, जिला मुख्यालय से लगे खल्लारी माता मंदिर, बागबाहरा चंडी मंदिर, बिरकोनी चंडी मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ती है यहां जिले सहित आस-पास के जिलों से भी भक्तगण दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं शहर के महामाया मंदिर, शीतला माता मंदिर, बरोंड़ा चौक मां दुर्गा मंदिर, स्टेशन रोड देवी मंदिर, तुमगांव रोड शारदा मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
