नयापारा में पुलिस सहायता केंद्र पुन: शुरू करने वार्डवासियों ने नपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
नयापारा इलाके में चल रहा नशे का कारोबार, नशावृत्ति से बढ़ रहा अपराध
महासमुंद। नयापारा क्षेत्र के वार्ड नंबर 6, 7 व 8 के बीच स्थित शिव चौक स्थित पुलिस सहायता केंद्र को फिर शुरू करने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निवास पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
मानव संस्कार सेवा समिति के पदाधिकारियों व तीनों वार्ड के नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष साहू को बताया कि शिव चौक स्थित पुलिस सहायता केंद्र विगत कुछ वर्षों से बंद है। वर्तमान में शिव चौक सहित नयापारा क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार हो रहा है। शराब की अवैध बिक्री, गांजा, नशीली टेबलेट सहित अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री नयापारा क्षेत्र में हो रहा है। नशे की चपेट में युवाओं सहित 14-15 साल के किशोर वर्ग के बच्चे भी आ रहे हैं। आए दिन लड़ाई- झगड़े की स्थिति निर्मित हो रही है। महिलाओं, युवतियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल पुलिस सहायता केंद्र को खोलने की आवश्यकता है। समिति अध्यक्ष अशोक साहू, सचिव राजू बरिहा ने नपाध्यक्ष को बताया कि इस आशय का एक पत्र पुलिस विभाग को भी दिया गया है। पालिकाध्यक्ष साहू ने पुलिस सहायता केंद्र शीघ्र प्रारंभ कराने उचित पहल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से टीकम साहू, मोहन बावनकर, भरत ठाकुर, अशोक साहू, महिला समूह के सदस्यगण, नैनू शर्मा, आशा ठाकुर, सुमित यादव, राम बाई, रेशमा साहू, मंजू साहू, श्याम कहार, सुशीला गाड़ा, कुंती साहू, चंद्रकांता, लक्ष्मी साहू सहित बड़ी संख्या में तीनों वार्ड के महिला, पुरुष उपस्थित रहे।
