जनभागीदारी समिति की बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय
महासमुंद। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति की इस सत्र की द्वितीय बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष सतपाल सिंह पाली, अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर पैकरा, जनभागीदारी समिति की सचिव एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अनुसूया अग्रवाल, जनभागीदारी समिति के समस्त सदस्य एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।
स्वागत उद्बोधन महाविद्यालय की प्राचार्य एवं जन भागीदारी समिति की सचिव डॉ अग्रवाल ने महाविद्यालय से जुड़ी समस्त समस्याओं एवं व्यवस्थाओं को समिति के समक्ष रखा। महाविद्यालय के भवन निर्माण की तरफ भी समिति का ध्यान आकर्षित कराया। सत्र 2025-26 में तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के अध्यापन कक्ष व्यवस्था पर भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही महाविद्यालय में नियमित प्राध्यापकों की नियुक्तियों पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय में तृतीय एवं चतुर्थ कर्मचारी की मांग को लेकर भी समिति के समक्ष अपनी बात रखी। महाविद्यालय के अन्य विषयों पर भी प्राचार्य ने समिति को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इसके पश्चात जन भागीदारी समिति की प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर बैठक का एजेंडा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि विधायक ने समस्याओं के निराकरण के लिए उचित निर्देश प्रदान किए। उन्होंने महाविद्यालय के भवन निर्माण को लेकर भूमि चिन्हांकन करने का आश्वासन दिया। बैठक में महाविद्यालय को 10 पंखे, 05 आलमारी, आरो प्यूरीफायर एवं बायोमीट्रिक मशीन देने का निर्णय समिति द्वारा लिया गया।
