7 लाख की चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफतार, 25 बाइक और 6 सबमर्सिबल पंप बरामद

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने एक बड़े चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 25 मोटरसाइकिल और 6 सबमर्सिबल पंप बरामद किए गए हैं। बरामद माल की कीमत 7 लाख रुपये है।
गिरोह का मास्टरमाइंड मौहारीभाठा निवासी 37 वर्षीय कुबेर चंद्राकर है। अन्य आरोपियों में तेंदूकोना के प्रीतम चक्रधारी (19), फरौद गांव के हितेश कुमार कुम्हार (24) और कोल्दा के अशफाक अली उर्फ अस्सु (19) शामिल हैं।
एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बागबाहरा रोड स्थित खैरा शराब दुकान के पास कुछ लोग पुरानी गाड़ियां बेच रहे हैं। सायबर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों आरोपियों को पकड़ा। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने 15 फरवरी से अब तक जिले के विभिन्न इलाकों से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोरी की घटनाएं जिला अस्पताल, पंजाब नेशनल बैंक, बस स्टैंड, निजी अस्पताल, ग्राम मुनगाशेर, खल्लारी मंदिर और पिथौरा के ग्रामीण बैंक के आसपास की गईं।
चोरों ने माल का बंटवारा भी कर लिया था। कुबेर ने 10 मोटरसाइकिल अपने पास रखी थीं। अशफाक और हितेश को 6-6 तथा प्रीतम को 3 मोटरसाइकिल मिली थीं। सबमर्सिबल पंप को भी आपस में बांटकर अपने घरों में छिपा रखा था।