15 सूत्रीय मांगों को लेकर 27 को सौंपेंगे ज्ञापन
महासमुंद। उच्च न्यायालय की अवमानना सहित करणी कृपा पाॅवर मिनी स्टील प्लांट के प्रदूषण, ट्रैक्टर रैली पर कार्यवाही करना, किसानों की गिरफ्तारी, ट्रैक्टर जब्ती के विरोध में 27 मार्च को छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों के माध्यम से मुख्यमंत्री को 15 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। करणी कृपा पाॅवर प्लांट के विरोध में पिछले 3 साल से अधिक समय से आंदोलनरत छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलनकारी छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा सत्याग्रह आंदोलनकारी किसानों की बैठक श्री राम जानकी मंदिर खैरझिटी में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रसिद्ध रामायणी कलाकार नंदकुमार साहू ने किया। विशेष अतिथि के रूप में किसान मोर्च के संयोजक जीपी चंद्राकर, प्रदेश किसान नेता छन्नू साहू, वेगेन्द्र सोनवेर उपस्थित थे। बैठक में प्रमुख रूप से करणी कृपा पाॅवर प्लांट द्वारा बलात रूप से कब्जा किए गए शासकीय भूमि, काबिल काश्त भूमि, आदिवासी भूमि, नेशनल हाईवे की भूमि, सिंचाई विभाग की भूमि, किसानों की भूमि, छसपा किसान मोर्चा की भूमि खाली कराने, औद्योगिक प्रदूषण से अंचल के लगभग 28 गांवों को बर्बादी से बचाने, उच्च न्यायालय के आदेश का परिपालन कराने 28 फरवरी को ट्रैक्टर रैली पर किसानों की गिरफ्तारी ट्रैक्टर जब्ती जैसे अवैधानिक कार्रवाई करने सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर 27 मार्च को जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रभारियों की नियुक्ति की गई।
