च्वाईस सेंटर में चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। च्वाईस सेंटर से 40 हजार रुपए की चोरी को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को बसना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी कृष्णा साहू ग्राम खल्लारी ने चौकी भंवरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी को उसने च्वाईस सेंटर के गल्ले में 40 हजार रुपए नकद रखकर चाबी से लॉक करके उसके नीचे रख दिया। दूसरे दिन 1 मार्च को देखा तो गल्ले में रखे पैसे नहीं थे। सीसीटीवी कैमरे को चेक करने पर रात 2.47 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा खिड़की की ओर से अंदर घुसकर च्वाईस सेंटर के गल्ले में रखे 40 हजार रुपए को चोरी कर ले गया।
विवेचना के दौरान पुलिस की टीम के द्वारा चोरी के संबंध में 2 संदिग्ध व्यक्ति ग्राम सलखंड निवासी हरिलाल बाघ व राकेश सिदार से पूछताछ की गई, इस दौरान उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से च्वाईस सेंटर चोरी किए गए 40 हजार रुपए में से पांच हजार रुपए को जब्त किया गया, शेष 35 हजार रुपए को आरोपियों द्वारा खाने-पीने में खर्च कर देना बताया गया। मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाईकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।