महाविद्यालय में फाइलेरिया की दवाई का किया गया वितरण

महासमुंद। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चलाया गया। कार्यक्रम में ग्राम मचेवा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को ऊंचाई के अनुसार फाइलेरिया से बचने की दवाई का वितरण किया। महाविद्यालय में कुल 70 विद्यार्थी सहित अधिकारियों ने फाइलेरिया की दवाई ली। यूथ रेडक्रॉस एवं रेड रिबन क्लब प्रभारी अजय कुमार राजा ने फाइलेरिया का दुष्प्रभाव बताया। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक संक्रामक बीमारी है, जो मच्छर के काटने से होती है। इसे हाथीपांव के नाम से भी जाना जाता है। बुखार, बदन में खुजली, पुरुषों के जननांग और उसके आस-पास दर्द और सूजन, पैरों और हाथों में सूजन इस प्रकार के लक्षण दिखाई देने से फाइलेरिया की संभावना होती है। दवा वितरण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुकृति ध्रुव, योजना यादव, मितानिन लक्ष्मी देवांगन व हुलसी सिन्हा ने किया।