चुनाव में वोट नहीं देने पर परिवार को अर्थदंड, गांव से बहिष्कृत करने की धमकी, 5 गिरफ्तार
महासमुंद 6 मार्च 2025। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सप्प ग्रुप के जरिए पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रताड़ित करने, उन पर अर्थदंड लगाने गांव व समाज से बहिष्कार करने के मामले में जिला प्रशासन ने 5 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत चिंगरिया के आश्रित ग्राम बाम्हणसरा के निवासी तथा उसके परिवार को गांव के कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने प्रत्याशी को वोट नहीं देने का आरोप लगाते हुए धक्का-मुक्की, गाली-गलौच की और 50 हजार रूपये का अर्थदंड के साथ गांव से बहिष्कार किये जाने के संबंध में सोशल मीडिया के जरिए फैलाया जा रहा था। जिला प्रशासन तक इसकी जानकारी पहुंचने के बाद तत्काल में बागबाहरा के एसडीएम उमेश कुमार को इसकी सच्चाई जानने एवं दोषियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। एसडीएम ने कोमाखान तहसीलदार हरीशकांत ध्रुव को कोमाखान के थाना प्रभारी के साथ संयुक्त रूप से जांच करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पीड़ित व्यक्ति ने जांच टीम के समक्ष गांव के ही 5 व्यक्तियों ब्यास नारायण चंद्राकर, श्याम लाल ठाकुर, जगत राम यादव, हेमन पटेल , रेखन साहू के द्वारा पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशी को सहयोग नहीं करने की बात कहते हुए अभद्रता पूर्वक व्यवहार करने कि शिकायत दर्ज कराई है।शिकायतकर्ता के उक्त शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिसके बाद सभी आरोपियों ने न्यायालय के समक्ष ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए न्यायालय एवं पीड़ित व्यक्ति से क्षमा मांगते हुए भविष्य में कभी ऐसी गलती की पुनरावृत्ति नहीं करने का भरोसा दिलाया। सभी आरोपियों को 10-10 हजार का मुचलका एवं बंध पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जिस पर उन्हें 6 माह तक क्षेत्र में शांति भंग नहीं करने के शर्त पर रिहा किया गया।
