विधायक ने संयुक्त वन प्रबंधन समिति को दिलाई अग्नि सुरक्षा शपथ

कोण्डागांव, 05 मार्च 2025। ग्राम कोहकामेटा में संयुक्त वन प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विशेष रूप से क्षेत्रीय विधायक नीलकण्ठ टेकाम उपस्थित रहे। बैठक में प्रमुख रूप से अग्नि सुरक्षा के विषय में चर्चा की गई। विधायक ने स्थानीय बोली में वनों से मिलने वाले लाभ और आग लगने की घटना के दुष्परिणाम जैसे पुनरुत्पादन, सूक्ष्म वन्य जीव नष्ट होना, भूमि की उर्वरा शक्ति क्षीण होना, वन्यजीव रहवास नष्ट होने की जानकारी गई। साथ ही उपस्थित सदस्यों से वनों की आग से रक्षा की शपथ दिलाई गई और महुआ पेड़ के नीचे आग नहीं लगाने की समझाईश दी गई। वनमण्डलाधिकारी श्री एन. गुरूनाथन ने आग लगने की घटनाओं को तत्परता से रोकने की अपील की तथा ईमली संग्रहण गुणवत्तापूर्वक किये जाने की समझाईश दी। इस अवसर पर कूप कटाई लाभांश राशि से संयुक्त वन प्रबंध समिति कोहकामेटा के 262 परिवार को सोलर लैम्प विधायक श्री टेकाम के कर कमलों से वितरित किया गया। साथ ही माता शीतला मंदिर में फेंसिंग कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। बैठक में कोहकामेटा और सिदावण्ड के सरपंच, संयुक्त वन प्रबंधन अध्यक्ष, उप वन मडलाधिकारी केशकाल, फरसगांव तथा भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।