जनदर्शन में पहुँचे लोगों से मिले कलेक्टर, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बालोद, 04 मार्च 2025। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने संयुक्त जिला कार्यालय के जनदर्शन कक्ष में आयोजित जनदर्शन मंे पहुँचे लोगों से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर जनदर्शन में पहुँचे लोगों के समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में गुरूर विकासखण्ड के ग्र्राम मुंजाल निवासी निरंजन कुमार ने अपने गांवों के प्राथमिक शाला भवन के जर्जर होने पर उनके स्थान पर नवीन भवन निर्माण करने की मांग की। बालोद विकासखण्ड के ग्राम रेवती नवागांव के निवासी गेंदलाल नागवंशी ने अपने गांव से गुजरने वाली कैनाल के नाली में अपने खेतों तक आवगमन हेतु पुलिया निर्माण करने की मांग की। गुरूर विकासखण्ड के ग्राम चिरचारी निवासी लेखराम साहू ने अपने गांव के गली में अवैध रूप से निर्माणाधीन मकान के अलावा आंगनबाड़ी भवन के समीप किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की। ग्राम भूलनडबरी निवासी तोखन लाल साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मजदूरी भुगतान की राशि की मांग की। इसके अलावा जनदर्शन में आज बड़ी संख्या में पहुँचे बालोद विकासखण्ड के ग्राम मुल्ले के ग्रामीणों ने अपने गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
