शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें: कलेक्टर

बालोद, 04 मार्च 2025। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिले में संचालित केन्द्र व राज्य शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारित समयावधि में समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्री चन्द्रवाल ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। जिससे कि आम जनता को समय-सीमा में शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा भी की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से रबी गिरदावरी के कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार रबी गिरदावरी के कार्य को निर्धारित समयावधि में त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने अधिकारियों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान की उठाव के व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से दलहन और तिलहन फसलों की पंजीयन की स्थिति एवं किसानों को उनके उपज का वाजिब दाम दिलाने हेतु फसलों की बिक्री की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार निर्धारित समयावधि में विशेष प्राथमिकता के साथ राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने जिले के किसानों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने हेतु किए जा रहे किसान पंजीयन के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने इस कार्य को शीघ्र पूरा कराने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने विभिन्न विभागों के हाई कोर्ट में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को विशेष प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयावधि में हाई कोर्ट में लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने अंतर विभागीय समन्वय के प्रकरणों की भी समीक्षा की।