बोर्ड परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्री वितरित, 115 केंद्रों में आयोजित होंगी

महासमुंद 25 फरवरी 2025। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं एक मार्च से शुरू होने जा रही है। यह परीक्षा जिले के 115 केंद्रों में आयोजित होंगी। परीक्षा के लिए आज गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया है। जिला मुख्यालय की समन्वय केंद्र स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी शासकीय आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में जिले की परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष पहुंचे। बता दें कि, इस साल 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा जिले के 115 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। जिसमें 2 हाईस्कूल और 113 हायर सेकंडरी स्कूल के केन्द्र शामिल हैं। इस साल विकासखंड बागबाहरा में दो नया परीक्षा केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमकेनी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकमा को शामिल किया गया है। समन्वय केंद्र पहुंचे केंद्राध्यक्षों को यहां प्राप्त परीक्षा सामग्री में उपस्थिति पत्रक, मार्कशीट, अभिरक्षा पंजी क्रमांक एक एवं दो, चेक लिस्ट क्रमांक एक एवं दो, चेतावनी पोस्ट, महत्वपूर्ण दिशा निर्देश, परीक्षा टाइम टेबल व सीलबंद प्रश्न पत्र दिया गया है। यहां से सभी विकासखंडों के परीक्षा केंद्रों को गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी मोहन सावंत, सहायक संचालक व परीक्षा प्रभारी एनके सिन्हा ने बताया कि यहां से गोपनीय सामग्रियां केंद्र से संबंधित थानों में जमा की जाएंगी। पुलिस की सुरक्षा में इन सामग्रियों को केंद्राध्यक्षों द्वारा अधिग्रहित 13 बसों के माध्यम से समन्वय केंद्र से संबंधित थानों में जमा कराया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक जिले के 115 परीक्षा केंद्रों में 10वीं एवं 12वीं के कुल 21 हजार 834 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। जिसमें 10वीं के 12 हजार 658 व 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 9 हजार 176 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए जिला स्तर पर पांच उडनदस्ता टीम बनाए गए हैं। एक उड़नदस्ता टीम में पांच कर्मचारी होंगे। इसी प्रकार तहसील स्तर पर भी पांच टीम, प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारी निगरानी करेंगे।