बाइकों में आमने-सामने भिडंत एक युवक की मौत
महासमुंद। नेशनल हाइवे 353 में बागबाहरा रोड में कोसरंगी मोड़ के पास दो बाइक की आमने-सामने भिडंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई । घटना करीब 6.30 बजे की बताई जा रही है। दस दिन बाद युवक की सगाई होनी थी। जानकारी के मुताबिक ग्राम तेलीबांधा (हाड़ाबंध) निवासी सतीश ध्रुव (23) बाइक क्रमांक सीजी -06 एचसी 4632 में अपने दोस्त तोरण दीवान (22) के साथ खरीदारी करने महासमुंद आया था। जहां से वापसी में कोसरंगी मोड़ के समीप सामने से आ रही हीरो स्प्लेंडर प्लस सीजी- 06 एचजी 3546 की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बीच सड़क पर ही दोनों दूर छिटक गए। गंभीर चोटें आने से सतीश ध्रुव ने घटनास्थल में दम तोड़ दिया। वहीं स्पलेंडर प्लस में सवार युक्क गंभीर रुप से घायल हो गया। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। जहां युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के चाचा के बेटे लोमश ध्रुव ने बताया कि मृतक सतीश ध्रुव गांव में खेती किसानी करता था। 5 मार्च को मृतक की सगाई होने वाली थी।
