शहरी क्षेत्र के प्रत्येक गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ दें सरकार: विनोद
महासमुंद। पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के समय जो घोषणाएं की थी, वह तो पूरी नहीं कर पाई। उम्मीद है नगर निगम, पालिका, पंचायत चुनाव में शहरी क्षेत्र के निवासियों से किए वादे वह पूरे करेगी। क्योंकि, शहरी क्षेत्र के लोगों ने भाजपा पर भरोसा कर प्रदेश के 10 नगर निगम व 36 नगर पालिका में भाजपा के महापौर, अध्यक्ष बनाए हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में छग के शहरी क्षेत्र के नजूल भूमि में निवासरत लोगों को पट्टा प्रदान करने तथा हर गरीब परिवार को पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने संकल्प पत्र जारी किया था। भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार ऐसे गरीब परिवार भी आवास योजना के लिए पात्र होंगे, जो पालिका में नियमित टैक्स का भुगतान कर रहे हैं। जलकर, संपत्ति कर, समेकित कर, नियमित बिजली बिल आदि जमा करने वाले गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। इस लिहाज से अब शहरी क्षेत्र में निवासरत प्रत्येक गरीब परिवारों को पक्का आवास प्रदान करने की दिशा में शीघ्र कार्य शुरू होना चाहिए। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के समय किए वादे पर विफल भाजपा दो-एक वादों को छोड़ संकल्प पत्र में दर्ज अधिकतर घोषणाओं पर अब तक अमल नहीं कर पाई है।
