द्वितीय चरण में छुरा विकासखंड में 20 को मतदान

गरियाबंद 19 फरवरी 2025। त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार छुरा विकासखण्ड में द्वितीय चरण का मतदान 20 को संपन्न होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में गरियाबंद में द्वितीय चरण के अंतर्गत 20 को संपन्न होने वाले मतदान एवं मतगणना कार्य को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान एवं मतगणना कार्य मंे लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समुचित रूप से प्रशिक्षण प्रदान करने के अलावा मतदान केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने हेतु सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। इसके लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वय सेे सभी मतदान केन्द्रों में आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनातगी की गई है। द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान अधिकारियों को बुधवार को सुबह सामग्री वितरण केन्द्रों से मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। उल्लेखनीय है कि विकासखण्ड मुख्यालय जनपद पंचायत छुरा परिसर में सामग्री वितरण एवं वापसी केन्द्र बनाया गया है। निर्वाचन कार्य को सफल बनाने छुरा विकासखंड के 74 ग्राम पंचायत हेतु 158 मतदान केन्द्रों के लिए 180 मतदान दल बनाए गए हैं। जिसमें छुरा विकासखण्ड में 89 हजार 635 मतदाता अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के द्वितीय चरण के अंतर्गत 20 फरवरी को संपन्न होने वाले मतदान के तहत मतों की गणना मतदान समाप्ति के पश्चात् संबंधित मतदान केन्द्रों में ही की जाएगी।