त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, द्वितीय चरण के अंतर्गत बालोद में 20 को होगा मतदान

बालोद, 18 फरवरी 2025। त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार बालोद विकासखण्ड में द्वितीय चरण का मतदान 20 को संपन्न होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के दिशा-निर्देशन में बालोद जिले में द्वितीय चरण के अंतर्गत 20 को संपन्न होने वाले मतदान एवं मतगणना कार्य को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान एवं मतगणना कार्य मंे लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समुचित रूप से प्रशिक्षण प्रदान करने के अलावा मतदान केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने हेतु सुरक्षा के चाक-चैबंद व्यवस्था की गई है। इसके लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वय सेे सभी मतदान केन्द्रों में आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनातगी की गई है। गुरूवार 20तारीख को होने वाले द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान अधिकारियों को 19 को सुबह सामग्री वितरण केन्द्र सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान के समीप स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम स्कूल परिसर से हरी झण्डी दिखाकर मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के द्वितीय चरण के अंतर्गत संपन्न होने वाले मतदान के तहत मतों की गणना मतदान समाप्ति के पश्चात् संबंधित मतदान केन्द्रों में ही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के लिए द्वितीय चरण के अंतर्गत बालोद विकासखण्ड में संपन्न होने वाले मतदान हेतु कुल 189 मतदान केन्द्र बनाए गए है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इन सभी मतदान केन्द्रों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान संपन्न किया जाएगा। मतदान समाप्ति के पश्चात् मतदान अधिकारियों के द्वारा तत्काल गणना भी प्रारंभ कर दिया जाएगा।