कांग्रेस के निखिल ने मारी बाजी, विमल चोपड़ा को 3556 वोटों से दी शिकस्त
महासमुंद 15 फरवरी 2025। नगरीय निकाय चुनाव में नगर पालिका से भाजपा प्रत्याशी दो बार नपाध्यक्ष व एक बार विधायक रहे भाजपा के डॉ .विमल चोपड़ा को जनता ने नकार दिया। मतदाताओं ने कांग्रेस के युवा नेता निखिलकांत साहू पर भरोसा जताते हुए सत्ता की चाबी सौंपी है। निखिल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. विमल चोपड़ा को 3556 मतों के अंतर से पराजित किया। नव निर्वाचित अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अपनी जीत के बाद कहा ‘प्रणाम महासमुंद, आभार’।
इसी तरह बागबाहरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती खिलेश्वरी बघेल को चुना। सरायपाली में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सरस्वती चंद्रकुमार पटेल, पिथौरा से भाजपा प्रत्याशी देवेश निषाद और तुमगांव नगर पंचायत के लिए निर्दलीय बलराम कांत साहू को अध्यक्ष चुने गए हैं। जिले के 6 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद पर अब भाजपा का सरायपाली, पिथौरा व बसना, कांग्रेस का महासमुंद व बागबाहरा और तुमगांव में निर्दलीय का कब्जा हो गया है। पार्षद पद के लिए भाजपा के 57, कांग्रेस के 29 और 19 निर्दलीय चुनाव जीते हैं।
बता दें कि बसना नगर पंचायत में अध्यक्ष पद व तीन वार्ड पार्षद और सरायपाली नगर पंचायत के दो वार्ड पार्षद के निर्विरोध चुने जाने के बाद मंगलवार को जिले की तीन नगर पालिका, दो नगर पंचायत अध्यक्ष व एक सौ पार्षद चुनने मतदान सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष सहित पार्षद पद के कुल 314 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे । आज सुबह 9 बजे महासमुंद के कृषि उपज मंडी पिटियाझर, बागबाहरा के टाउन हॉल सुनसुनिया, तुमगांव में स्वामी आत्मानंद उ. मा. शाला, पिथौरा में जनपद पंचायत, बसना में सर्व समाज मांगलिक भवन तथा सरायपाली में पुराना बीटीआई कॉलेज में मतगणना शुरू हुई । सुबह से मतगणना स्थलों पर चुनाव मैदान में पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक और जनता की भीड़ पल- पल यह जानने कोशिश करती रही कि कौन अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए जीत की ओर बढ़ रहा है। इधर ,मतगणना स्थलों पर सबसे पहले साढ़े 8 बजे प्रत्याशी व उनके अभिकर्ता की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला गया और गिनती के बाद ईव्हीएम को टेबलों पर पहुंचाया गया। सभी गणना स्थल पर 15-15 टेबल लगाए गए थे। पश्चात सुबह 9 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई। सबसे पहले ईबीटी मतपत्रों की गणना फिर 9.30 बजे से ईव्हीएम के मतों की गणना शुरू हुई । प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और एक गणना सहायक मौजूद रहे। मतों की गिनती के साथ प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ती गई।
जिले में मतदान प्रतिशत 70.48 रहा। सबसे अधिक मतदान तुमगांव नगर पंचायत में हुआ यहां 81.85 प्रतिशत, पिथौरा में 80.29 प्रतिशत, बागबाहरा में 75 प्रतिशत, सरायपाली में 71.18 प्रतिशत, महासमुंद 66.69 और बसना में सबसे कम 64.34 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिले के 6 नगरीय निकाय में कुल 101472 मतदाता हैं । जिनमें 48372 पुरूष व 53087 महिला मतदाताओं ने हिस्सा लिया। कुल 71519 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। जिनमें 36959 महिला व 34557 पुरूषों की भागीदारी रही। 29953 ने मतदान नहीं किया। जिले में तुमगांव नगर पंचायत में कुल 6126 मतदाताओं में से 5014 ने मतदान किया। जिनमें 2545 महिला 2469 पुरूष, पिथौरा में कुल 7399 मतदाताओं में से 5941 ने मतदान किया जिनमें 3038 महिला,2903 पुरूष मतदाताओं ने हिस्सा लिया। कुल 71519 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। जिनमें 36959 महिला व 34557 पुरूषों की भागीदारी रही। 29953 ने मतदान नहीं किया। जिले में तुमगांव नगर पंचायत में कुल 6126 मतदाताओं में से 5014 ने मतदान किया। जिनमें 2545 महिला 2469 पुरूष, पिथौरा में कुल 7399 मतदाताओं में से 5941 ने मतदान किया जिनमें 3038 महिला,2903 पुरूष मतदाताओं ने हिस्सा लिया। इसी प्रकार बागबाहरा में कुल 15887 में से 11915 जिनमें 6191 महिला,5721 पुरुष,सरायपाली में कुल 17175 मे से 12225 जिनमें 6336 महिला,5889 पुरूष, महासमुंद में कुल 47178 में से 31465 जिनमें 16307 महिला, 15158 पुरूष और बसना में सबसे कम कुल 7707 मतदाताओं में से 4959 ने मतदान किया जिनमें 2542 महिला व 2417 पुरूष मतदाता शामिल थे।