कार की सीट के नीचे चेंबर से 61 किलो गांजा बरामद

महासमुंद। तेंदूकाना पुलिस ने एक कार से लगभग 61 किलो गांजा लावारिस हालत में बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि कार की सीट के नीचे चेम्बर बनाकर उक्त गांजे के पैकेटों को छिपाकर रखा गया था।
जानकारी के अनुसार पुलिस गश्त के दौरान बुंदेली की ओर से कार क्रमांक सीजी 10, बीजी 5207 कलमीदादर-झलप मार्ग की ओर मुड़ी, जिसे देख पुलिस को शंका हुई। पुलिस ने उसका पीछा किया। लेकिन, उक्त कार कलमीदादर बांध के मोड़ में टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। जब तक पुलिस वहां पहुंची ड्राइवर फरार हो गया था। कार की तलाशी में उसकी सीट के अंदर बने चेंबर से 40 पैकेट गांजा (कीमत 12 लाख) व कार को पुलिस ने जब्त करते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ 20 बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि अल सुबह चार बजे उक्त तेज रफ्तार कार बुंदेली की ओर से झलप जाने वाले मार्ग की ओर मुड़ी। स्टाफ ने थाने में खबर देकर उसका पीछा किया। लेकिन, कलमीदादर बांध में टकरा गयी। उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण वहां खड़ी मिली। पुलिस ने रात को जंगल एवं आसपास ड्राइवर को तलाशा। लेकिन, काफी तलाशी के बाद के बाद भी कार चालक का कुछ पता नहीं चला। कार की तलाशी लेने पर वहाँ से उक्त गांजा मिला। पुलिस ने बताया कि कार में किसी प्रकार का कोई कागजात नहीं मिला।