बाराती वाहन पलटने से दो की मौत ,कई घायल

महासमुंद। बाराती पिकअप वाहन शुक्रवार रात टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे वाहन में सवार दो की मौत और 4-5 घायल हो गए। घायलों का उपचार बागबाहरा में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरभांटा से बारात में शामिल होने करीब आधे दर्जन लोग पिकअप से ओडिशा गए थे। वापसी में शुक्रवार रात करीब 11 बजे नरतोरा मोड़ के पास पिकअप का टायर फट गया जिससे वाहन पलट गया। सूचना पर पटेवा पुलिस ने घायलों को बागबाहरा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ डाक्टरों ने तुमगांव निवासी नैनलाल ( 40) और बरभांठा निवासी धनेश्वर भारद्वाज ( 28) को मृत घोषित कर दिया । शेष 4-5 का इलाज बागबाहरा में जारी है। थाना प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया कि अभी तक पिक अप वाहन का पता नहीं चल पाया है। घायलों का इलाज जारी है।
बता दें कि, ग्रामीण क्षेत्रों में शादी, छट्टी व अन्य कार्यक्रमों में मालवाहक में सवारी ढोना आम बात है। कार्यक्रमों में पिकअप, छोटा हाथी व अन्य मालवाहकों में ठूंस- ठूंस कर सवारी भरे जाते हैं, जिससे किसी तरह की दुर्घटना होने पर सभी की जान को खतरा होता है। बावजूद लोग अपने जीवन को खतरे में डालते हैं। इससे पूर्व भी कई घटनाएं हो चुकी है । लेकिन, मालवाहक वाहनों से सवारी ढोने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
चुनाव में मालवाहकों का हो रहा जमकर उपयोग
इन दिनों जिले में नगरीय निकाय सहित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशियों द्वारा जमकर चुनाव प्रचार चल रहा है। जिसमें चुनाव प्रचार के लिए मालवाहकों का उपयोग हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सभा के लिए एक से दूसरे स्थान लाने ले जाने के लिए इन मालवाहकों से लोगों को ढोया जा रहा है।