मुर्गी दाना से भरे ट्रक को युवती समेत तीन ने लूटा, जुर्म दर्ज

महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 में एक ड्राइवर से लूट की घटना के मामले में तुमगांव पुलिस ने आरोपी दो युवक और एक युवती के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि नयाटोला राघवपुर थाना बख्तियारपुर जिला पटना(बिहार) निवासी एकराम कुमार (25) 1 फरवरी को अपने ट्रक क्रमांक ओडी 09 एल 5394 में एबीस कंपनी राजनांदगांव से मुर्गी दाना भरकर ओडिशा के बालासोर के लिए शाम करीब 5 बजे निकला था। रात करीब 1 बजे एनएच 53 रोड स्थित ढाबा में खाना खाने के बाद निकला, कुछ दूर चलने के बाद नींद आने लगी तो वह अपने ट्रक को एनएच 53 के सर्विस रोड पार्किंग में खड़ा कर सो गया, जब 2.50 बजे सोकर उठा तो 2 युवक और एक युवती उसके पास आकर बोले थोड़ा आगे आओ बात करनी है।
तब वे तीनों कुछ दूर जाकर प्लांट के पास पुलिया के आगे रूके। प्रार्थी भी वहां पर जाकर रूका। जब गाड़ी से उतरा तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और प्रार्थी से मोबाइल और पर्स ले लिया। बाद आरोपियों ने उनकी आंखों में कुछ डाल दिया जिससे जलन होने लगी और मुर्गीदाना से भरे ट्रक क्रमांक ओडी 09 ए 5394 को लूटकर फरार हो गए। बाद प्रार्थी भागते हुए पास के प्लांट में पहुंचा। जहां उपस्थित गार्ड से संपर्क कर उसके मोबाईल से अपने मालिक को घटना की जानकारी दी। तुमगांव पुलिस ने रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 309(4), 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।