ऑल इंडिया पैरा आर्म रेसलिंग में खिलाड़ियों ने जीते 11 पदक

महासमुंद। ग्वालियर आर्म रेसलिंग वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा ऑल इंडिया पाफी पैरा आर्म रेसलिंग कप 2025 महिला एवं पुरूष का आयोजन 18-19 जनवरी तक अटल बिहारी वाजपेई ट्रेनिंग सेंटर फॉर डिसएबिलिटी स्पोर्ट्स ग्वालियर में किया गया। जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम में महासमुंद के 7 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते और देशभर में जिले का परचम लहराया। महासमुंद जिले के टिकेश्वर ने अपनी बेहतरीन क्षमता का प्रदर्शन करते हुए आर्म रेसलिंग में राष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में अपनी प्रतिभा साबित की। 65 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक व 70 किलो भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस दोहरी जीत ने प्रतियोगिता में महासमुंद का दबदबा कायम किया। बिन्दा यादव ने उत्कृष्ट खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए स्वर्ण पदक एवं रजत पदक अपने नाम किया। उनके असाधारण प्रदर्शन ने दर्शकों और खेल विशेषज्ञों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लक्षवंतीन साहू ने प्रतियोगिता में दो भार वर्ग में 2 कांस्य पदक जीता। उन्होंने कठिन मुकाबले में अपने कौशल और मेहनत का प्रदर्शन किया। बालमोती निषाद ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक एवं रजत पदक जीता। उनकी जीत ने महासमुंद जिले को और अधिक गौरवान्वित किया। सुरजो यादव ने अपनी रजत पदक एवं कांस्य पदक जीता। उनका प्रदर्शन अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा। सविता निषाद ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर 65 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। साथ ही कुंती धीवर कि इस खेल में भागीदारी रही। महासमुंद जिले के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।