स्कूटी से गांजे की तस्करी करते दो गिरफ्तार
महासमुंद 13 जनवरी 2025। बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर गांजा तस्करी करते 2 अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से 9.820 किलो गांजा जब्त किया गया है, जब्त गांजे की कीमत 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पदमपुर-परसकोल सुरंगी नाला पुलिया के पास पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कुछ समय बाद स्कूटी को रोका। वाहन की जांच करने पर 9.820 किलो गांजा मिला। आरोपी चनारी थाना मालथोन जिला सागर निवासी अभय परमार (21), चनारी जिला सागर निवासी धर्मेंद्र सिंह परमार (31) ओड़िशा से उक्त गांजा की तस्करी कर रहे थे। बसना पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
