शिक्षक से मारपीट के आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन

महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लाक कार्यकािरणी की बैठक में सहायक शिक्षक लोकेश्वर ध्रुव के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने वाले दोषी शिक्षक पर अब तक विभागीय कार्रवाई नहीं किए जाने से संगठन में आक्रोश है। लोकेश्वर को न्याय दिलाने के लिए फेडरेशन पद यात्रा कर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाएगा। बैठक में तय रणनीति के तहत प्रथम चरण में मारपीट करने वाले शिक्षक पर कार्रवाई हेतु संगठन ने आज विकासखंड शिक्षा अधिकारी व उच्च अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में फेडरेशन ने दो दिन में मारपीट करने वाले शिक्षक पर कार्रवाई नहीं होने की दशा में तीसरे दिन से काली पट्टी लगाकर शिक्षक विरोध दर्ज करेंगे। फिर भी कार्रवाई नहीं हुई तो 6 जनवरी को फेडरेशन पदाधिकारी पद यात्रा कर मुख्यमंत्री से लगाएंगे न्याय की गुहार। ब्लॉक अध्यक्ष बाबू लाल ध्रुव ने बताया कि सहायक शिक्षक लोकेश्वर ध्रुव के साथ मारपीट और गाली गलौज कर अपमानित करने वाले शिक्षक खगेश पटेल के खिलाफ संगठन ने निंदा प्रस्ताव पारित किया है। पूर्व में 26 दिसंबर को जिला शिक्षा अधिकारी व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन दिया गया था। परंतु, कोई पहल नहीं की गई। आज इस विषय में मांग पत्र उच्च अधिकारियों को सौंपा गया। ज्ञापन में फेडरेशन ने मारपीट करने वाले शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई करने का आग्रह किया है। ब्लॉक अध्यक्ष बाबू लाल ध्रुव ने कहा कि हमारे आंदोलन से बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा नहीं पहुँचेगी। फेडरेशन सिर्फ मारपीट करने वाले दोषी शिक्षक पर कड़ी विभागीय कार्रवाई चाहता है। अन्यथा फेडरेशन ने आंदोलन की पूरी तैयारी कर ली है। बैठक में प्रमुख रूप से संगठन के प्रदेश सचिव ईश्वर चंद्राकर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सिराज बक्श, पुरुषोत्तम चंद्राकर, आत्मा राम साहू, गोपाल साहू, महिला प्रकोष्ठ की ब्लॉक अध्यक्ष मुनिया निर्मलकर, नूतन दुबे, लव निर्मलकर, कैलाश साहू, अजय बंजारे सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक पदाधिकारी मौजूद थे।