आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने का घेराव करेगा आदिवासी समाज

महासमुंद। शासकीय प्राथमिक शाला गोंगल में पदस्थ शिक्षक लुकेश्वर सिंह ध्रुव के साथ स्कूल में घूसकर मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आदिवासी समाज लामबंद हाे गए हैं। समाज ने चेतावनी देते हुए कहा कि उक्त मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। जिससे आरोपी बेखाैफ होकर घूम रहे हैं। पटेवा थाना में मामले के तहत धारा 296, 115 (2), 351 (2) एवं 3 (5) के तहत अपराध कायम किया गया है। लेकिन, गिरफ्तारी नहीं हुई है। जिससे नाराज समाज जनों ने कल 28 दिसंबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में पटेवा थाना का घेराव करने उग्र आंदोलन की बात कही है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक शाला गोंगल में पदस्थ शिक्षक लुकेश्वर ध्रुव व संगवारी ग्रुप महासमुंद द्वारा गत दिवस शास.उच्च. माध्य. विद्यालय झलप में नवोदय अभ्यास परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिसमें महासमुंद सहित रायपुर, गरियाबंद, बलाैदाबाजार जिले के 870 बच्चे शामिल हुए थे। जिसमें झलप निवासी खगेश पटेल का पुत्र भी अभ्यास परीक्षा में शामिल हुआ था। खगेश के पुत्र का उत्तर पुिस्त्का की जांच में उसे कम नंबर मिला था। जिससे नाराज खगेश पटेल ने अपने साथी सुमित गिलहरे के साथ प्राथमिक शाला गोंगल परिसर में घुसकर जाति सूचक गाली-गलाैच करते हुए शिक्षक श्री ध्रुव के साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी भी दी। उक्त घटना की रिपोर्ट 21 दिसंबर को पटेवा थाने में दर्ज करायी गयी थी। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पिथाैरा, अजाक्स (विशेष थाना महासमुंद), एसपी महासमुंद, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज एवं छग राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग में भी शिकायत की गई थी। लेकिन, आज तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। जिससे आदिवासी समाज नाराज हैं।