पीएम किसान सम्मान निधि योजना से समृद्धि की अग्रसर किसान जयमन, जाताया आभार

 

कोंडागांव, 18 दिसंबर 2024। केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और उनके हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही है, जिससे वे निरन्तर समृद्धि और और विकास की ओर अग्रसर हो सके। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ऐसी महत्वाकांक्षी योजना है, जिसने राज्य के छोटे किसानों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है। कोण्डागांव जिले के मड़ानार गांव के निवासी जयमन पटेल इस योजना से लाभान्वित होने वाले किसानों में से एक हैं, जो आज कृषि के क्षेत्र में समृद्धि की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
किसान जयमन पटेल के पास कुल 1.410 हेक्टेयर भूमि है, जिसमें से 0.810 हेक्टेयर भूमि पर वे रबी फसल उगाते हैं। जयमन के तीन बच्चे हैं, जिनमें से सबसे बड़ी बेटी नर्सिंग की कोर्स कर रही है और उससे छोटी बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ती है और सबसे छोटा बेटा पहली कक्षा में पढाई कर रहा है। जयमन का परिवार मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है और किसी परिचित के साथ मिलकर जयमन ने खेती के लिए ट्रैक्टर भी ख़रीदा है। जयमन बताते हैं कि बेटी की पढाई और घर के खर्चों के कारण कई बार पैसों की कमी होती है, जिससे घर चलाने एवं बेटी की पढाई में असर पड़ता है। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता से काफी राहत मिलती है। जयमन पटेल ने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करके प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अपना पंजीयन कराया। पंजीयन के बाद जयमन पटेल को अब तक 14 किश्तों में कुल 28 हजार प्राप्त हुए हैं। इस आर्थिक सहायता का उपयोग उन्होंने अपनी कृषि कार्यों को और आगे बढ़ाने में किया। उन्होंने बताया कि वे इस राशि का उपयोग खाद, बीज और कीटनाशक खरीदने में करते हैं। इससे उनकी फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ और उत्पादन भी बढ़ा है। इसके अलावा योजना की राशि ने उन्हें पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भी मदद की है। कई बार यह राशि त्यौहारों के समय प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने घरेलू समान खरीदने में किया और उत्साह के साथ उत्सव मनाया। जयमन ने बताया कि इस योजना ने मेरे परिवार की खुशियों को बनाए रखने में काफी योगदान दिया है। जयमन पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने हमारे जैसे छोटे किसानों की मुश्किलों को कम किया है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य किसानों को कृषि कार्य से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत प्रत्येक पंजीकृत किसान को हर साल तीन किश्तों में 6 हजार की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है, ताकि किसान अपनी छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा कर सके। यह योजना कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।