किट के माध्यम से फलों, सब्जियों के नाम सीख रहे बच्चे

करनापाली स्कूल में भारतीय भाषा उत्सव
महासमुंद 08 दिसम्बर 2024। जिले के प्राथमिक शाला करनापाली में भारतीय भाषा उत्सव 4 से 11 दिसंबर तक मनाया जा रहा है। प्रत्येक दिवस बच्चों द्वारा भाषा विकास के लिए अनेक कार्यक्रम रखे जा रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भाषा विशेषकर बच्चों की घर की भाषा में सीखने एवं बहुभाषा शिक्षण पर जोर दिया है। नागरिकों में एकता की भावना एवं संस्कृति को संरक्षित करने के लिए भाषा के महत्व के संबंध में जागरूकता लाना है। तथा स्कूली स्तर से ही बच्चों में भारतीय भाषाओं में उपलब्ध समृद्धि साहित्य में रूचि एवं आदर की भावना विकसित करना है। बहुभाषा को प्रोत्साहित करते हुए भारतीय भाषाओं में शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देना, भारतीय भाषाओं के प्रति प्रेम प्रदर्शित कर उसके उपयोग को भी प्रोत्साहित करना है। एवं इस शाला में प्रति दिवस एफएलएन किट के माध्यम से सब्जियों एवं फलों के नाम को विभिन्न भारतीय भाषाओं जैसे हिंदी, छत्तीसगढ़ी, उड़िया, संस्कृत आदि में सिखाया जा रहा है। अपनी मातृभाषा में कहानी पठन, गीत पठन, कविता पठन आदि के कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। बच्चों की रूचि बढ़ाने हेतु पपेट शो के माध्यम से श्लोक एवं नीति के दोहे अर्थ सहित बच्चों द्वारा लिए जा रहे हैं। सरकार द्वारा विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रमों को आयोजित करवाने से बच्चों में बहुभाषिता के साथ-साथ भारतीय भाषाओं के समृद्ध साहित्य के प्रति रूचि बढ़ रही है। इस आयोजन पर प्रधान पाठक डाॅ. गिरधारी साहू ने बच्चों से अधिक से अधिक भाग लेकर बहुमुखी बनने आग्रह किया है। शिक्षक डाॅ. वीरेंद्र कर ने भी बच्चों को उक्त भाषाओं को सिखाने हेतु बल दिया है। शासकीय प्राथमिक शाला में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों पर जो बच्चों के बहुमुखी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है एवं शिक्षा नीति 2020 के वृहद उद्देश्यों की पूर्ति में सहायक है इसे देखकर बीईओ जेआर डहरिया, बीआरसी पूर्णानंद मिश्रा, एबीईओ विनोद शुक्ला, बद्री प्रसाद जोल्हे, लोकेश्वर कंवर ने प्रसन्न व्यक्त की है।