कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक, मुख्यमंत्री के प्रवास संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश

दंतेवाड़ा, 26 नवंबर 2024। जिला कार्यालय के डंकिनी सभा कक्ष में आज समय सीमा की बैठक कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा ली गई। बैठक में सर्वप्रथम उन्होंने विगत दिवस हुए मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम प्रवास के दौरान प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किए जाएं क्योंकि इन आवेदनों के निराकरण की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री सचिवालय से की जाती है अतः इसमें किसी भी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने डंकिनी नदी के घाटों की सफाई की ओर ध्यानाकर्षित करते हुए कहा कि घाटों की सफाई नियमित और सुनियोजित तरीके से किए जाएं इसके लिए नगरपालिका एवं लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करें। इसके साथ ही कलेक्टर ने कहा कि कई बार यह देखा गया है कि विभागीय गाइडलाइन एवं सर्कुलर आदेश के चलते अत्यंत जरूरतमंद हितग्राहियों को वांछित लाभ नहीं मिल पाता और ऐसे प्रकरण अक्सर शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत आते रहते है। इनमें शैक्षणिक विषयवस्तु या फिर मरीजो के उपचार संबंधी मसले हो। अतः इसे देखते हुए ऐसे हितग्राहियों को डीएमएफ मद से सहायता दी जा सकती है इसके लिए कमेटी का गठन करने की आवश्यकता है, जिसके अनुषंसा से ऐसे लाभार्थियों को तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इसके लिए संबंधित विभाग आवश्यक कार्यवाही करें। इसके साथ ही कलेक्टर ने जन शिकायत, पीजीपोर्टल, सीएम जनदर्शन, से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित अन्य विभाग के विभाग प्रमुख उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े