17 आरक्षक बने प्रधान आरक्षक, एसपी ने बांह में लगाया लाल फीता
रायगढ़ 21 नवंबर 2024। पुलिस महकमे में 17 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति मिली है। पुलिस अधीक्षक कुमार पटेल ने एक समारोह में नव-पदोनन्नत पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की बांह पर लाल फीती लगाकर उन्हें प्रधान आरक्षक का पद सौंपा। इस अवसर पर एसपी कुमार पटेल ने सभी नव-पदोनन्नत प्रधान आरक्षकों को उनके बढ़े हुए कर्तव्यों और नई जिम्मेदारियों का अहसास कराया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे जांच, विवेचना और कानून-व्यवस्था के मामलों में निष्ठा और ईमानदारी से काम करें। एसपी ने कहा, पदोन्नति सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाना होगा। समारोह में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने भी नव-पदोनन्नत पुलिसकर्मियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदोन्नति प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों में धीर साय तिर्की, संजय भूषण तिर्की, एन. बालचंद मोहन राव, अर्जुन एक्वा, कल्याण सिंह कंवर, अरविंद कुमार पटनायक, सतीश कुमार सिंह, समीक्षा दान, संदीप भगत, प्रमिला दास महंत, बनारसी लाल सिदार, अरविंद मिंज, ममता मिंज, जगीत सिंह राठिया, पीतांबर पटेल, प्रकाश सिंह गोस्वामी और नंद कुमार पैंकरा शामिल हैं।
