चीफ जस्टिस ने कोर्ट परिसर के नए पोस्ट ऑफिस व बीजापुर के न्यायालयीन आवासीय परिसर का किया वर्चुअल उद्घाटन

दंतेवाड़ा, 20 नवंबर 2024। उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने शाखा पोस्ट ऑफिस जिला न्यायालय परिसर एवं बीजापुर के न्यायाधीश आवास तथा न्यायालयीन कर्मचारी कॉलोनी का वर्चुअल उदघाटन किया। उक्त कार्यक्रम में जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुये। इस मौके पर चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधन करते हुए कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा सम्पूर्ण राज्य में जिला न्यायालयों की आधारभूत संरचनाओं के उन्नयन हेतु निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। न्यायिक अधिकारी एवं न्यायिक कर्मचारी से यह अपेक्षा की जाती है कि वे उपलब्ध कराये गये आवास को उचित देखभाल एवं साफ-सफाई से रखें, ताकि उनके बाद आने वाले न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी उचित स्थिति में आवास प्राप्त हो सके। इसके अलावा न्यायालय परिसर में शाखा पोस्ट ऑफिस खुलने से न्यायालय में आने वाले पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं को पोस्ट ऑफिस से संबंधित सेवाओं के लिये कहीं और नहीं जाना पड़ेगा और उन्हे न्यायालय में ही उक्त सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता ने जानकारी दी किबीजापुर में न्यायिक अधिकारी हेतु एक ई-टाईप एवं न्यायिक कर्मचारियों के लिये 5 जी-टाईप, 10 एच – टाईप, 08 आई-टाइप के गुणवत्तापूर्ण आवास निर्मित किये गये है। चीफ जस्टिस के सतत मार्गदर्शन एवं अभिनव विचारों का ही यह परिणाम है कि दंतेवाड़ा जिला न्यायालय को एक कम्पोजिट बिल्डिंग के रूप में परिवर्तित होकर उसमें पोस्ट ऑफिस जैसी कई महत्वपूर्ण एवं आवश्यक जन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है जो कि उनका आम व्यक्तियों को न्याय के साथ-साथ आवश्यक जन कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने के प्रति संवेदनशील होने का प्रत्यक्ष प्रमाण है। चीफ जस्टिस के प्रभावी एवं कुशल नेतृत्व के कारण ही अधोसंरचना के विकास का कार्य तीव्रता से हुआ है। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष के०के० देवांगन, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजनाला स्मृतिक, कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण, प्रथम जिला न्यायाधीश प्रवीण कुमार प्रधान, न्यायाधीश परिवार न्यायालय हरीश कुमार अवस्थी, द्वितीय जिला न्यायाधीश दीपक कुमार देशलहरे, एफ०टी०सी० न्यायाधीश शैलेश शर्मा, विशेष न्यायाधीश नक्सल कोर्ट शान्तनु कुमार देशलहरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बीजापुर ताजुद्दीन आसिफ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दंतेवाड़ा डी०पी० सिंह दांगी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शान्ति प्रभू जैन, डिप्टी डायरेक्टर अभियोजन ए०बी० गुरू, पी०डब्लू०डी० एस०डी०ओ० भुआर्य, पोस्ट ऑफिस अधिकारी प्रशांत कुमार दास, एवं समस्त न्यायिक कर्मचारी तथा मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े