दो दिवसीय बस्तर ओलंपिक शुरु, अंदरूनी इलाकों के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का एक अवसर
दंतेवाड़ा, 20 नवंबर 2024। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप बस्तर के अंदरूनी इलाकों के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए बस्तर ओलंपिक के रूप में एक अवसर, एक मंच दिया जा रहा है, जिसमें स्थानीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा को बेहतर करते हुए बड़े अवसर की ओर बढ़ सकते हैं। इस क्रम में मुख्यालय के हाई स्कूल मैदान में आज जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आगाज हुआ। जिसके तहत खेल मैदान में जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के द्वारा दंतेवाड़ा, कुआकोंडा, कटेकल्याण, गीदम विकासखण्डों के खिलाड़ियों के 100 मीटर दौड़ का प्रारंभ उडन क्लिप बजाकर किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल सिक्के के दो पहलू है। हम जब खेल खेलेंगे तो हमारा शरीर तंदुरुस्त रहेगा, जिससे पढ़ाई में भी मन लगा रहेगा। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में अनुशासन का बहुत ही महत्व है। खेलों से ही अनुशासन सीखने को मिलता है। इसके अलावा उन्होंने सभी खिलाड़ियों को संभाग स्तरीय पर अच्छा प्रदर्शन करने की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस क्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री रामूराम नेताम ने कहा कि आप सभी अपनी खेल प्रतिभा को उत्कृष्ट करने हेतु प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहें है। इन खेलों में आप सभी को अपना बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस खेल आयोजन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को जीवन के हर क्षेत्र में सफलता जरूर मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सम्पूर्ण खेल आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल खिलाड़ी एवं शैक्षिक प्रशासन को अवगत कराएं ताकि उसका तुरंत निदान किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने बस्तर ओलंपिक के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कुस्ती जैसे खेलों में हरियाणा पंजाब एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं केरल राज्य से एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय खेलों में देश का नाम रौशन किया है क्योंकि इन राज्यों की आबो हवा इन्हीं खेलों के अनुरूप है। इसे देखते हुए शासन ने भी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे स्थानों को चयन किया है जहां सुविधाएं एवं संसाधनों की कमी है। इसका केवल एक ही उद्देश्य है कि ऐसे क्षेत्रों से भी खिलाड़ी निकल कर आएं जो देश दुनिया में यहां का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि आने वाले पांच से दस वर्षों स्थानीय स्तर के खिलाड़ी भी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, तथा एशियन गेम्स में पदक जितेेगें। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक में दंतेवाड़ा को अधिक से अधिक पदक दिलाएं। सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने कहा कि जो खिलाड़ी प्रथम बार इन खेलों में भागीदारी कर रहे है वे इन्ही खेलों में निरंतरता रखें। निश्चय ही उन्हें भविष्य के खेलों में सफलता मिलेगी। इसके अलावा स्थानीय खिलाड़ियों के लिए हर प्रकार के खेल सुविधाएं जुटाने में जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। इस मौके पर जनप्रतिनिधिगण, सहित जनपद सीईओ, बीओ, खेल अधिकारी एवं पीटीआई, शिक्षक, शिक्षिकाएं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
