खनिज के अवैध उत्खनन व परिवहन पर करें कड़ी कार्यवाही-कलेक्टर

गरियाबंद 19 नवम्बर 2024। ॉखनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन पर रोकथाम करने एवं खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खनिज के अवैध उत्खनन को रोकने विभिन्न एजेण्डा पर चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोकथाम के लिए कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त जांच दल को सक्रियतापूर्वक कार्य करते हुए लगातार निगरानी बनाये रखने के निर्देश दिये। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्री अरविन्द पाण्डेय, सर्व एसडीएम, डीएसपी सुश्री निशा सिन्हा, जिला खनिज अधिकारी सहित परिवहन एवं वन विभाग के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने अति संवेदनशील हीराधारित क्षेत्र पर वन सुरक्षा समिति एवं पुलिस द्वारा अवैध उत्खनन परिवहन की रोकथाम करने आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए नियमित संयुक्त जांच में पुलिस द्वारा आवश्यक बल प्रदान करने तथा पुलिस चौकी में जप्त वाहनों को सुरक्षा में लेने के संबंध में भी निर्देश दिये। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर रोक लगाने के लिये रात्रि कालीन संयुक्त जांच के संबंध में भी सक्रियतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने खनिज परिवहन करने वाले वाहनो में ओवर लोड की शिकायत पर भी कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। निर्माण ऐजेंसी विभागीय निर्माण कार्यों में खनिज की आपूर्ति हेतु विभाग के नाम पर अधिक से अधिक खदान आरक्षित कराने एवं निर्माण विभाग द्वारा कार्यालय से रायल्टी चुकता प्रमाण पत्र के बिना फाइनल पेमेंट नही करने के संबंध में भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये।