कलेक्टर ने 87 असहाय बच्चों के लिए स्वीकृत की स्पॉन्सरशीप योजना
गरियाबंद 19 नवम्बर 2024। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने असहाय एवं अनाथ बच्चों के बेहतर भविष्य एवं उनके देखभाल के लिए संवेदनशील कदम उठाते हुए महत्वपूर्ण स्वीकृति दी है। उन्होंने जिले के 87 असहाय बच्चों को स्पॉन्सरशीप योजना का लाभ दिलाने की स्वीकृति दी है। इसके तहत अनाथ एवं असहाय बच्चों को प्रतिमाह 4 हजार रूपये की सहायता राशि मिलेगी। जिससे उनके देखभाल, भरणपोषण एवं पढ़ाई लिखाई में सहायता होगी। स्पॉन्सरशीप योजना से लाभ दिलाने महिला एवं बाल विकास विभाग के समक्ष आवेदन प्राप्त हुए थे। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने आवेदनों की समीक्षा करते हुए अनाथ बच्चों की भलाई के लिए संवेदनशील कदम उठाते हुए एक साथ 87 बच्चों के लिए योजना की स्वीकृति दी। स्पान्सरशीप योजना के तहत बच्चों के अधिकार व संरक्षण के क्षेत्र में आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवार में निवासरत विशेष देख-रेख वाले बच्चे, अनाथ, परित्यक्त बच्चों को उनके स्कूलों में पढ़ाई करने एवं उन्हे आधारभूत वस्तुएं उपलब्ध कराने हेतु सहायता दी जाती है। जिसमें नवीन 87 बच्चों को स्पांसरशीप योजना से लाभान्वित किया गया। इसके पूर्व में 189 से अधिक बच्चों को भी लाभान्वित किया जा चुका है। स्पांसरशीप योजना अंतर्गत प्रति माह राशि 4 हजार रूपये से लाभान्वित किये जाने हेतु स्पांसरशीप समिति की बैठक आहुत की गई थी। स्पांसरशीप एवं फास्टर केयर समिति के अध्यक्ष कलेक्टर श्री दीपक कुमार अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक कुमार पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती दीपा शाह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी अनिल द्विवेदी, बाल कल्याण समिति के सदस्यों के निगरानी में इन बच्चो लाभान्वित किया जायेगा।
