कलेक्टरने जनदर्शन में सुनी समस्याएं, मिले 73 आवेदन

गरियाबंद 19 नवम्बर 2024। कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने जनदर्शन में जिले के अलग- अलग क्षेत्र से आये लोगों की मांग, समस्याएं एवं शिकायतें सुनी। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने आज जनदर्शन में 73 लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक समस्या का हरसंभव निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर अपनी समस्याएं, जैसे भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, पीएम आवास, वनअधिकार पट्टा एवं अन्य विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिये।
जनदर्शन में ग्राम पंडरीपानी के समस्त ग्रामवासी ने नवीन स्कूल भवन की स्वीकृति प्रदान करने एवं आवास हितग्राही ने पीएम आवास की द्वितीय किस्त प्रदाय करने, राजिम के गुन्जू साहू ने दालभात केन्द्र खोलने, ग्राम मालगांव की चांदनी निषाद ने राशन कार्ड बनाने, ग्राम बेलटुकरी की मनीषा ढीमर ने शौचालन निर्माण हेतु, ग्राम मोंगरा के तुलसीराम कुम्हार ने आबादी पट्टा प्रदाय करने, ग्राम नहरगांव के पुष्पेन्द्र ध्रुव ने पीएम आवास की द्वितीय किस्त प्रदाय करने, ग्राम सिंधौरी की मालती बाई ने पीएम आवास एवं नल जल कनेक्शन प्रदान करने आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके आवेदनों के निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।