धान खरीदी का आगाज़, सुबह से ही लगा किसानों का तांता, 31 सौ मिलने से किसान खुश

उत्तर बस्तर कांकेर, 14 नवम्बर 2024। किसानों को उनकी मेहनत की पाई-पाई का हिसाब देने कृत संकल्पित प्रदेश सरकार ने गुरुवार से धान खरीद कर रही है। जिन किसानों ने आज का टोकन कटाया, वे सुबह से ही उपार्जन केंद्रों में ले जाकर धान को बोरियों में भरते, छल्ली मारते और तौल कराते हुए नजर आए। प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदने सहित 31 सौ रुपए की प्रोत्साहन राशि के मान से धान खरीदे जाने पर किसानों के चेहरे पर खुशी और संतुष्टि के भाव परिलक्षित हो रहे हैं। उपार्जन केंद्रों में धान बेचने आए किसानों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साय सरकार ने पहली बार उनके खून पसीने की कमाई का मोल चुकाया है। उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस ऐतिहासिक कार्य के लिए भूरि भूरि सराहना की।
जिले की नगर पंचायत चारामा स्थित कृषि उपज मंडी में आज सुबह 9 बजे से ही धान बेचने वाले किसानों का तांता लग गया। वहां पर धान बेचने आए चारामा विकासखण्ड के ग्राम जैसाकर्रा के 58 वर्षीय किसान राजेंद्र साहू ने बताया कि सरकार 31 सौ में किसानों से धान खरीद रही है यह माटीपुत्रों का सच्चा सम्मान है। इतने सालों की किसानी में पहली बार धान के एक-एक दाने का मोल चुकाने वाली साय सरकार ने सही मायने में किसानों का दर्द पहचाना है। इसी तरह ग्राम दल्लीडीह से आए युवा किसान जगदीश राम साहू ने खुशी-खुशी बताया कि वे पहले ही दिन आज मंडी में 25 क्विंटल धान बेचने आए हैं और इसके एवज में एकमुश्त पैसा मिलेगा जिसका उपयोग खेत के सुधार कार्य में लगाएंगे। इसी मंडी में ग्राम चारभाटा से आई महिला किसान श्रीमती गोदावरी साहू ने भी कहा कि 31 सौ मिलने से उनके बहुत से पारिवारिक जरूरतों के काम पूरे हो जाएंगे। समिति प्रबंधक ने बताया कि चारामा मंडी में आज पहले दिन धान बेचने के लिए 31 किसानों को टोकन ऑनलाइन प्राप्त हुआ है।
भानुप्रतापपुर ब्लॉक के कोरर धान उपार्जन केंद्र में ग्राम रानवाही से आए किसान सोनसाय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि उनके पास 6 एकड़ खेत है और आज 95 कट्टा धान बेचने कोरर मंडी में आए हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने ऑनलाइन टोकन ले लिया था और पहले दिन के लिए टोकन मिल गया। श्री सोनसाय ने कहा- ‘‘31 सौ रुपए क्विंटल में धान बेचना किसानों के लिए किसी सपने के जैसा है, जिसे साय सरकार ने पूरा किया है।‘‘ इसी मंडी में धान बेचने आए किसान पूरण सिंह नायक, रामचरण कुंजाम, गुड्डी बाई और सुमित्रा साहू ने भी किसानों की दशा और दिशा संवारने के क्षेत्र में प्रदेश सरकार का अब तक का सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक कार्य बताया। उक्त समिति में धान बेचने आज प्रथम दिवस 10 किसानों को टोकन मिला था।
इसी तरह धान बेचने आए 59 वर्षीय किसान कंसलाल रावटे ने बताया कि उनकी 13 एकड़ की खेती है और आज वे अपना धान बेचने आए हैं। उन्होंने साय सरकार द्वारा 31 सौ में धान खरीदने के लिए आभार जताया। इसी मंडी में ग्राम बाबूदबेना से धान बेचने आईं श्रीमती प्रभा बाई गंवर ने कहा कि समिति में अच्छी व्यवस्था के साथ आज से धान खरीदी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि वह 103 क्विंटल धान बेचने आई है और इस राशि को भविष्य के लिए बचत करने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्राम बारदेवरी के बुजुर्ग किसान बृजलाल कवाची ने बताया कि 6 एकड़ खेत का 100 कट्टा धान बेचने आए हैं और 3100 में धान खरीदने के सरकार के इस अभूतपूर्व कदम के लिए प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया।