सरकार ला रही है नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी, 12 को सीएम करेंगे लांच

रायपुर 8 नवंबर 2024। सीएम विष्णुदेव साय नई औद्योगिक नीति 12 तारीख को लॉन्च करेंगे। नई नीति में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से कई प्रावधान किए गए हैं। जिसमें देश- विदेश के निवेशकों को भी कई सुविधाएं मिलेंगी। नई औद्योगिक विकास नीति 2030 तक प्रभावशील रहेगी। नई नीति में राज्य सरकार को यह अधिकार होगा कि वह औद्योगिक नीति के प्रावधानों को जरूरत विकास की समीक्षा कर प्रावधानों को संशोधित-संवर्धित कर सकेगी। नीतियों में और अधिक प्रभावी अमल करने तथा विविधता और विशेष क्षेत्र अथवा वर्ग को अधिक प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से नीति में समय-समय पर अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए विशेष पैकेज, स्टार्ट-अप पैकेज, लघु और कुटीर उद्यम नीति, लाजिस्टिक पार्क नीति इत्यादि का भी समावेश किया गया था। इन नीतियों के अंतर्गत राज्य के युवाओं को वैकल्पिक रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए विशेष रूप से स्व-रोजगार मूलक योजनाओं का भी प्रावधान किया गया है। सीएम विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर को हुई कैबिनेट की बैठक में नई औद्योगिक विकास नीति को मंजूरी दी गई थी। नई औद्योगिक नीति में भारत सरकार के विजन 2047 की परिकल्पना को साकार करने तथा राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से कई प्रावधान किए हैं। राज्य के प्रशिक्षित व्यक्तियों को औपचारिक रोजगार में परिवर्तित करने के लिए उद्योगों हेतु प्रति व्यक्ति 15 हजार की प्रशिक्षण वृत्ति प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है।