कलेक्टर ने दिया आदेश, परिजनों से वार्ड साफ करवाने वाली स्टॉफ नर्स-आया निलंबित

बलरामपुर 8 नवम्बर 2024। सोशल मीडिया में चली खबर ’’ओवर ब्लीडिंग पर नर्स ने प्रसूता के परिजनों से कराई पूरे वार्ड की धुलाई’’ शीर्षक प्रकाशित खबर एवं वीडियो के संबंध में कलेक्टर ने संज्ञान लेकर वाड्रफनगर के सिविल अस्पताल की स्टाफ नर्स सुश्री अमिता मिंज एवं वार्ड आया सुश्री अनिता सिंह को दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं अकर्मण्यता बरते जाने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया ड्यूटी स्टाफ, स्टाफ नर्स सुश्री अमिता मिंज एवं वार्ड आया सुश्री अनिता सिंह के द्वारा प्रसूता के परिजनों से साफ-सफाई के लिए कहा जाना/कराया जाना प्रतीत होता है। जो उनके पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं अकर्मण्यता को दर्शाता है। स्टाफ नर्स सुश्री अमिता मिंज एवं वार्ड आया सुश्री अनिता सिंह का उक्त कृत्य सिविल सेवा के नियम के विपरीत है। अतः तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय जिला चिकित्सालय होगा।