मेगा क्रेडिट कैम्प, 790 हितग्राहियों को 34 करोड़ का ऋण

गरियाबंद 24 अक्टूबर 2024। अधिक से अधिक लोगों को व्यवसाय एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अग्रणी बैंक के तत्वाधान में मेगा क्रेडिट कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प में हितग्राहियों को विभिन्न ऋण योजनाओं से लाभान्वित किया गया। क्रेडिट कैम्प में 790 हितग्राहियों को 34 करोड़ 2 लाख की ऋण राशि स्वीकृत कर हितग्राहियों को चेक एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। मेगा क्रेडिट कैम्प में कलेक्टर दीपक अग्रवाल भी शामिल हुए। उन्होंने हितग्राहियों को ऋण चेक का वितरण किया। इस अवसर पर 7 हितग्राहियों को शासन के सहयोग से ट्रैक्टर एवं हार्वेस्टर ऋण स्वीकृत कर प्रदान किया गया। कैम्प में विभिन्न स्वसहायता समूहों को भी बैंक ऋण प्रदान कर आजीविका संवर्धन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के मंशा अनुसार अधिक से अधिक लोगों को आजीविका गतिविधियों में संलग्न करने के उद्देश्य से मेगा क्रेडिट कैम्प का आयोजन किया गया है। इसके माध्यम से आमजनों एवं स्व सहायता समूह को शासकीय सहायता प्रदान कर सशक्त एवं आर्थिक दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने हितग्राहियों को शासन की सुविधा का लाभ उठाने एवं ऋण योजनाओं का सदुपयोग करते हुए अपनी आजीविका विकसित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, उपाध्यक्ष प्रवीण यादव, जनपद सीईओ अमजद जाफरी, लीड बैंक मैनेजर मो. मोफीज, महाप्रबंधक जिला व्यापार उद्योग केन्द्र दीनबंधु ध्रुव, सीईओ अंत्यावसायी सुश्री रश्मी गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे। लीड बैंक मैनेजर ने बताया कि मेगा क्रेडिट कैम्प में एनआरएलएम अंतर्गत 371 प्रकरणों में 11 करोड़ 70 लाख ऋण स्वीकृत की गई। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 29 प्रकरण में 2 करोड़ 94 लाख मुद्रा योजना के 40 प्रकरण में 1 करोड़ 56 लाख , एमएसएमई के 17 प्रकरण में 3 करोड़ 13 लाख 128 लोगों के लिए 3 करोड़ 56 लाख 40 हजार की केसीसी, शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत 11 प्रकरणों में 16 लाख 70 हजार रूपये, ट्रैक्टर लोन अंतर्गत 7 किसानों को 70 लाख 50 हजार रूपये, पीएम स्वनिधि अंतर्गत 16 प्रकरणों में 1 लाख 70 हजार रूपये, स्वयं सीधा अंतर्गत 28 प्रकरणों में 26 लाख 80 हजार रूपये, आदिवासी स्वरोजगार एवं अंत्योदय स्वरोजगार के तहत 89 प्रकरणों में 65 लाख 10 हजार का ऋण प्रदान किया गया। इसी प्रकार पशुपालन विभाग अंतर्गत 5 प्रकरणों में 5 लाख, मछली पालन अंतर्गत 5 प्रकरणों में 2 लाख 50 हजार, एग्रीकल्चर टर्म लोन अंतर्गत 20 प्रकरणों में 7 करोड़ 21 लाख 70 हजार, हाउसिंग अंतर्गत 6 प्रकरणों में 1 करोड़ 58 लाख रूपये, पीएम विश्वकर्मा योजना अंतर्गत 6 प्रकरणों में 3 लाख 50 हजार रूपये, शिक्षा अंतर्गत 1 प्रकरण में 5 लाख रूपये एवं अन्य 11 प्रकरणों में 35 लाख 60 हजार रूपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत, लीड बैंक मैनेजर, जिला व्यापार एवं उद्योग, जिला अंत्यावसायी विभाग, खादी ग्रामोद्योग के अधिकारी-कर्मचारियों ने लोगों को लाभान्वित करने के लिए जागरूक किया। कैम्प में राष्ट्रीयकृत बैंक, खादी ग्राम उद्योग, जिला व्यापार उद्योग केंद्र, स्वास्थ्य सहित अन्य विभाग के स्टॉल लगाये गये। कैम्प में आये आमजनों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।