सर्जरी करके बचाई गई गाय व बछड़े की जान

कोण्डागांव, 21 अक्टूबर 2024। माकड़ी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बीजापुर में 14 तारीख को पशुपालक राजेश कुमार भारद्वाज की गाय गंभीर स्थिति में थी। पशु चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया की गाय का बच्चा गर्भाशय मरोड़ के कारण गर्भाशय में फंस गया था, जिससे गाय और बछड़ा दोनों की जान खतरे में थी। पशुपालक ने तुरंत इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी, जिस पर अनुभवी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस मरकाम और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की टीम ने कई बार प्रयास किया ताकि गर्भाशय मरोड़ को ठीक कर बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बाद विशेषज्ञों ने आपरेशन का निर्णय लिया। टीम ने सर्जरी की, जिससे न सिर्फ बछड़ी को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया बल्कि गाय की भी जान बचाई जा सकी।