समस्याओं के निराकरण के लिए जन समस्या निवारण शिविर, आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश- ओपी चौधरी
रायगढ़, 11 अक्टूबर 2024। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में त्रिभौना में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनसामान्य के समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु गांव में ही शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। ताकि जनसामान्य को शिविर का लाभ मिले। वित्त मंत्री ने कहा कि त्रिभौना में 29 लाख की लागत से बनने वाले महतारी सदन के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त हुई है। जिसका संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्कूल के मांग पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। राज्य शासन सभी वर्गो को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। जिसमें किसानों के हित में विगत 25 दिसम्बर को स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर दो साल के बकाया बोनस के साथ ही प्रति एकड़ 21 क्ंिवटल धान 31 सौ में खरीदी की गई। इसी तरह केलो डेम का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचाने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के किसान प्रगतिशील खेती के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगे। शासन द्वारा लंबित आवास निर्माण कार्य को गति देने के साथ ही 9 लाख से अधिक परिवारों को आवास निर्माण हेतु पहला किस्त जारी किया गया है।
श्री चौधरी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने एवं उनके पोषण स्तर में सुधार लाने हेतु महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुसौर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। मुझे खुशी है कि यहां के बच्चे अच्छे विश्वविद्यालय में पढ़ रहे है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि केवल गिनती की पढ़ाई न करें। शिक्षा वह माध्यम है जो स्किल सीखता है एवं मार्ग प्रशस्त करता है। साथ ही उन्होंने पुसौर क्षेत्र में आज उनके द्वारा किए गए लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यों की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी तरह क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी निरंतर कार्य किए जायेंगे।
ग्राम-त्रिभौना में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शिविर से पूर्व ग्राम पंचायत स्तर पर प्राप्त 1582 आवेदनों में से 1574 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है। इसी प्रकार आज आयोजित शिविर में 374 आवेदनों में से लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया है।
