नर की सेवा ही नारायण की सेवा, केन्द्र सरकार इसी ध्येय को लेकर बना रही योजनाएं- सांसद

उत्तर बस्तर कांकेर 11 अक्टूबर 2024। आवास मेला का आयोजन कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के पखांजूर में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद भोजराज नाग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक विक्रमदेव उसेण्डी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पूर्ण हो चुके आवास के हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित घरों की चाबी सौंपी गई।
नगर पंचायत पखांजूर के नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मिनी स्टेडियम में आयोजित आवास मेला कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नाग ने कहा कि वास्तव में नर की सेवा ही सही मायने में नारायण की सेवा है और केन्द्र सरकार इसी ध्येय को लेकर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम जनता के हित में लगातार कार्य कर रहीं है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समर्पित भाव से देश की सेवा कर रहें हैं। साथ ही यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि हो या लोक सेवक, सभी आम जनता के प्रति जिम्मेदार हैं और उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन भली भांति करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि विधायक श्री उसेण्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह योजना उन परिवारों के लिए है, जिसके सिर पर पक्की छत नहीं है। उन्होंने सभी उपस्थित हितग्राहियों को समय सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने तथा इसके तहत मिली राशि को आवास बनाने में ही व्यय करने की बात कहीं। इस अवसर पर मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमन्त ध्रुव ने भी शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाने की अपील की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल ने प्रतिवेदन का वाचन करते हुए बताया कि योजना के तहत 2023 तक 29 हजार 207 हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किया जा चुका है तथा 2024-25 के लिए स्थायी प्रतीक्षा सूची में शेष सभी 32 हजार 187 हितग्राहियों को आवास स्वीकृत करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिनमें से 23 हजार 170 हितग्राहियों को आवास की मंजूरी देते हुए 21 हजार 359 हितग्राहियों को उनके बैंक खातों में प्रथम किश्त की राशि अंतरित की जा चुकी है।