आवास मेले में मंत्री कश्यप ने सौंपी पीएम आवास की चाबी, कहा केन्द्र-राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घर के आंगन में लगाएं पेड़
दंतेवाड़ा, 11 अक्टूबर 2024। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत प्रधानमंत्री आवास सम्मेलन में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप द्वारा 7 हजार आवासों का सांकेतिक भूमिपूजन तथा 3564 पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जब से देश की बागडोर संभाली गई है उसी दिवस से आवास योजना का स्वरूप बदल गया है। देश के आवासहीनों को पक्का आवास दिलाना प्रधानमंत्री का महत्वाकांक्षी उद्देश्य था जो आज पूरा हो रहा है। इस प्रकार प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा अपने मंत्रिमंडल के प्रथम बैठक में ही पहला निर्णय प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीणों को पक्का घर उपलब्ध कराने का लिया गया। क्योंकि वर्षो से ही इसी योजना का क्रियान्वयन रोका गया था। यह केन्द्र और राज्य शासन की अपनी गारंटियों पर अमल करने का वंचित वर्गों के हित में लिया गया निर्णय था और वर्तमान में हम देखते है कि ग्रामीणों को पक्के घर में रहने का सपना साकार हो रहा है। शासन की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करने हुए आगे कहा कि चाहे वह आयुष्मान कार्ड योजना हो या फिर चावल वितरण शासन का सर्वोपरि लक्ष्य है कि समाज के अंत्योदय व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि माननीय प्रधानमंत्री के संकल्प अनुसार एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अपने घरों में पेड़ लगाकर उसका रखरखाव अवश्य करें। साथ ही शासन आपको प्रधान मंत्री आवास के तहत अनुदान तो दे ही रही है अतः अपने सुविधानुसार घर को बड़ा एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास करें।
इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी ने भी प्रधानमंत्री आवास से लाभान्वित हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीणों को पक्का आवास उपलब्ध कराना राज्य शासन का संकल्प था और इससे 18 लाख परिवार लाभान्वित हो रहे है। यह गौरव का विषय है अतः जो ग्रामीण इससे लाभन्वित हुए है वे जल्द से जल्द अपने मकान को पूर्ण कर जनप्रतिनिधियों को गृह प्रवेश में आमंत्रित करें। दंतेवाड़ा में एक जनवरी से अब तक स्वीकृत 11 हजार 1 सौ 78 आवासों में 3 हजार 5 सौ 64 आवास पूर्ण कर लिए गए है। इसके अलावा प्रतिक्षा सूची में स्वीकृत 6 हजार 7 सौ 84 शेष है। कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा आगंतुक अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके अलावा चुनिदा हितग्राहियों को कैबिनेट मंत्री द्वारा पूर्ण हो चुके आवासों की चाबियां वितरित की गई। मौके पर हितग्राहियों ने पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए शासन प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच (1. दिनेश कश्यप, 2. सुकालू राम मुड़ामी, 3. सुन्दरलाल भोगामी, 4. किश मंडावी) सचिव (1. जुगराग, 2. भुनेश्वर ठाकुर, 3. प्रेमसिंह, 4. राजेश कुंजाम) रोजगार सहायक (1. रामूराम कश्यप, 2. संतोष नाग, 3. राजेश, 4. हिड़मा राम) एवं अधिकारी, कर्मचारियों 1. श्री अश्वनी नेताम 2. ओमप्रकाश देवांगन, को सम्मानित कर प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
