ट्रक के मां-बेटे को रौंदा, गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम
बिलासपुर 5 अक्टूबर 2024। तेज रफ्तार हाइवा ने मां-बेटे को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला मासूम बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी, तभी हादसे का शिकार हो गई। गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, गायत्री बंजारे गतौरा गांव की रहने वाली है, जो अपने सात साल के बेटे परेश को लेकर सुबह टहलने निकली थी। इसी दौरान मरघट के पास हाइवा ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़ कर भाग गया। मां-बेटे की मौत के बाद लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। परिजनों को मुआवजा देने और भारी वाहनों पर बैन लगाने की मांग लोगों ने की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पहले तो भीड़ ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। मुआवजे का आश्वासन मिलने पर करीब पांच घंटे बाद जाम खत्म हो पाया।
