जर्जर सड़क को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले मुस्ताक खान
गुलशन चौक से बेमचा रोड तक सड़क बदहाल, बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी; हादसों का बढ़ा खतरा
महासमुंद। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुस्ताक खान (विक्की) ने मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पटरी पार संघर्ष समिति के संयोजक के रूप में सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने नयापारा क्षेत्र की जर्जर सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल मरम्मत एवं सड़क निर्माण की मांग की।
गुलशन चौक से बेमचा रोड तक सड़क की हालत खराब
मुस्ताक खान ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि गुलशन चौक से एकता चौक, नयापारा पेट्रोल पंप होते हुए बेमचा रोड तक मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर और खस्ताहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चलता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक आवागमन करते हैं। गड्ढों के कारण कई लोग असंतुलित होकर गिरने और चोटिल होने का सामना कर रहे हैं। वहीं चारपहिया वाहनों के गुजरने से सड़क पर जमा गंदा पानी और कीचड़ राहगीरों पर उछलने से भी लोगों को परेशानी हो रही है।
एंबुलेंस के आवागमन में भी परेशानी
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
तत्काल निरीक्षण और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग
मुस्ताक खान (विक्की) ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मांग की कि नयापारा क्षेत्र की सड़क समस्या को जनहित में प्राथमिकता देते हुए गुलशन चौक से बेमचा रोड तक सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत एवं निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश देने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
