बाल विवाह मुक्त भारत अभियान : जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

बाल विवाह रोकथाम के लिए ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा, शपथ एवं जनजागरूकता गतिविधियां होंगी आयोजित
महासमुंद, 26 नवंबर 2026/ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित 27 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महासमुंद जिले में 27 नवंबर को व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं एवं सामुदायिक हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को अभियान के तहत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही लोगों को बाल विवाह न करने और इसे रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई जाएगी। 27 नवंबर को दोपहर 3 बजे भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर ऑनलाइन प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले के अधिकारी एवं संबंधित हितधारक राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
अभियान के अंतर्गत ऐसे बच्चों को राज्य स्तरीय सम्मान के लिए नामांकित किया जाएगा, जिन्होंने स्वयं अपना बाल विवाह रोकने के लिए पहल की हो अथवा अन्य बच्चों के बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। इसी प्रकार बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों के नाम भी उनके संक्षिप्त परिचय एवं उपलब्धियों सहित सम्मान के लिए भेजे जाएंगे। जिले में आयोजित गतिविधियों से संबंधित तस्वीरें, वीडियो एवं मीडिया कवरेज को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के बीवीएमबी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके साथ ही रंगीन प्रतिवेदन 30 नवंबर 2026 तक प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाल विवाह मुक्त महासमुंद बनाने सहभागी बनने कलेक्टर ने की अपील
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से 27 नवंबर 2026 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित विशेष ग्राम सभाओं एवं जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में बाधक होने के साथ उनके अधिकारों का गंभीर हनन है। इसे रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों से बाल विवाह नहीं करने, न होने देने तथा इसका विरोध करने की शपथ लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही महासमुंद जिले को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.